अहमदाबाद: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। लंदन के लिए रवाना हो रही एअर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के समय क्रैश हो गई। फ्लाइट में कुल 242 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। हादसा हॉर्स कैंप के पास हुआ, जो अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल क्षेत्र के निकट स्थित है।
टेकऑफ के दौरान हुआ हादसा, पीछे का हिस्सा टकराया पेड़ से
मिली जानकारी के अनुसार, टेकऑफ के वक्त विमान का पिछला हिस्सा रनवे के किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गया, जिससे बैलेंस बिगड़ गया और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद एक तेज़ धमाका हुआ और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत एवं बचाव कार्य शुरू, पुलिस ने की पुष्टि
स्टेट पुलिस कंट्रोल रूम ने हादसे की पुष्टि कर दी है। मौके पर तुरंत दमकल, एंबुलेंस और पुलिस की टीमें पहुंच गई हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यात्रियों को एयरपोर्ट अथॉरिटी और स्थानीय प्रशासन की मदद से सुरक्षित निकालने का प्रयास हो रहा है।
DGCA ने दिए जांच के आदेश
हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राथमिक जांच में तकनीकी खामी या मानवीय गलती को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, विस्तृत रिपोर्ट जांच के बाद ही सामने आएगी।
यात्रियों की हालत पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे में कोई जानमाल की क्षति हुई है या नहीं। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की स्थिति की जानकारी का प्रतीक्षा की जा रही है। कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
नोट: खबर में बताए गए सभी तथ्य शुरुआती रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। अधिकृत जानकारी आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।